Saraikela (संजीव मेहता) : लखीसराय जिले के लिए शुक्रवार का दिन गर्व का पल लेकर आया. जब लखीसराय में कार्यरत दो महिला पदाधिकारियों ने प्रतिष्ठित UPSC परीक्षा में सफलता हासिल कर प्रशासनिक सेवा में अपनी प्रतिभा का परचम लहराया. इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर जिला प्रशासन ने दोनों अधिकारियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया. अवर निर्वाचन पदाधिकारी स्मृति आनंद ने UPSC परीक्षा में अखिल भारतीय 368वीं रैंक प्राप्त की, जबकि प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी रुचि सिंह ने 171वीं रैंक हासिल कर शानदार सफलता दर्ज की. दोनों अधिकारियों की इस उपलब्धि से जिला प्रशासन और कर्मियों में खुशी का माहौल है. इस अवसर पर जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने दोनों सफल अधिकारियों को पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

जिला पदाधिकारी ने कहा कि UPSC जैसी कठिन और प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त करना अत्यंत गौरव की बात है. स्मृति आनंद और रुचि सिंह ने अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर यह मुकाम हासिल कर प्रशासनिक सेवा में उत्कृष्टता का उदाहरण प्रस्तुत किया है. उन्होंने कहा कि आज महिलाएं प्रशासन, शिक्षा, विज्ञान और खेल समेत हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं. इन दोनों अधिकारियों की सफलता युवाओं और छात्राओं को बड़े लक्ष्य तय करने और उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी. इस मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे.




