रांची : रांची के खलारी थाना क्षेत्र स्थित निर्मल महतो चौक के पास रविवार तड़के करीब 4 बजे बड़ी आपराधिक घटना घटी। हथियारों से लैस बदमाशों ने कोयला ट्रांसपोर्टिंग में लगे तीन हाईवा ट्रकों में आग लगा दी। इस घटना के दौरान अपराधियों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से तीन-चार राउंड फायरिंग भी की। घटना की सूचना मिलते ही खलारी, मैक्लुस्कीगंज और पिपरवार थानों की पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इस घटना के पीछे आलोक गिरोह का हाथ है। गिरोह ने क्षेत्र में अपनी दहशत बनाए रखने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया। खलारी डीएसपी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि तीन हाईवा को आग के हवाले कर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि अपराधियों को पकड़ने के लिए आसपास के इलाकों में छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही, पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है ताकि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके। इस घटना ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय निवासियों और कोयला परिवहन से जुड़े लोगों में भय व्याप्त है। पुलिस ने सभी से शांति बनाए रखने की अपील की है और भरोसा दिया है कि दोषियों को जल्द कानून के दायरे में लाया जाएगा।




