सरायकेला : चांडिल थाना अंतर्गत कपाली ओ०पी० पुलिस को एक गोपनीय सूचना प्राप्त हुई, जिसमें बताया गया कि कपाली ओ०पी० क्षेत्र के हाशमी मोहल्ला निवासी एक युवक अवैध हथियार का प्रदर्शन कर लोगों में दहशत फैलाने का प्रयास कर रहा है। प्राप्त सूचना से वरीय पदाधिकारियों को अवगत कराया गया।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, चांडिल के निर्देश पर कपाली ओ०पी० पुलिस द्वारा एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम द्वारा हाशमी मोहल्ला, कपाली में छापेमारी की गई, जहां से शेख इरफान, उम्र 19 वर्ष, पिता शेख हबीब को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान उसके निशानदेही पर एक अवैध लोडेड पिस्टल तथा दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। बरामद पिस्टल सिल्वर रंग की थी।

जिसमें लकड़ी का ग्रिप लगा हुआ था, तथा उस पर “MADE IN USA NO 11, 7.65 MM, 9 ROUND” अंकित पाया गया। जिंदा गोलियों पर 7.65 KF अंकन था। सभी वस्तुओं को विधिवत जप्त किया गया। अवैध हथियार और कारतूस रखने के आरोप में शेख इरफान को गिरफ्तार करते हुए उसके विरुद्ध आयुध अधिनियम, 1959 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त को दिनांक 08 जनवरी 2026 को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। इस कार्रवाई में कपाली ओ०पी० के प्रभारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं टाइगर मोबाइल के जवान शामिल थे।




