सरायकेला (संजीव मेहता) : काम नहीं आया राज्य के उद्योग मंत्री संजय यादव का आश्वासन और साथ में युवाओं की युवा मंच का विरोध, जियाडा ने बुधवार से फिर औद्योगिक क्षेत्र से अवैध झोपड़ी, मकान व दुकानों को हटाते हुए अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया है. जानकारी देते हुए इस अभियान के मजिस्ट्रेट अश्विन कुमार ने बताया कि आज फेज 7 में अभियान चलाया जा रहा है, यह अभियान फिलहाल 8 फरवरी तक चलेगा. बता दें कि आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में ज़ियाडा द्वारा 15 दिनों बाद दोबारा से अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरुआत की गई है. बुधवार से अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरुआत आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र फेज 7 स्थित एपेक्स ऑटो के पास से की गई है. जिसमें ज़ियाडा के पदाधिकारी मजिस्ट्रेट के रूप में पुलिस बल के साथ अभियान के दौरान मौजूद रहे.

अभियान में मौजूद ज़ियाडा के पदाधिकारी सन्नी तिर्की ने बताया कि पूर्व में मोहलत दिए जाने के बाद दोबारा से अतिक्रमण हटाओ अभियान का शुरूआत की गई है. जिसमें इस बार 200 से अधिक अवैध तरीके से सड़क किनारे अतिक्रमण कर बनाए गए दुकान, झोपड़ीनुमा होटल आदि को हटाया जाएगा. बता दें कि टुसू पर्व के दौरान अतिक्रमण हटाओ अभियान को राज्य के उद्योग मंत्री ने तत्काल रोक लगाते हुए औद्योगिक क्षेत्र में फुटपाथों पर स्वरोजगार कर रहे लोगों को पुनर्वासित करने के बाद ही हटाने का आश्वासन दिया था, साथ ही यहां के स्थानीय लोगों एवं युवा संगठनों द्वारा विरोध करने के बाद अभियान पर तत्काल रोक लगा दी गई थी. लेकिन इस बार अभियान को जोर-शोर से शुरू किया गया है.




