राँची : झारखंड सरकार ने राशन कार्ड धारकों के लिए ई-केवाईसी की समय सीमा बढ़ाकर अब 30 जून 2025 कर दी है। पहले यह अंतिम तारीख 30 अप्रैल थी, लेकिन कई क्षेत्रों में नेटवर्क की समस्या के चलते कई लोग समय पर ई-केवाईसी नहीं करवा सके। इसलिए यह सातवीं बार है जब सरकार ने यह मियाद बढ़ाई है।

अब लोगों को दो महीने और मिल गए हैं ताकि वे अपना ई-केवाईसी पूरा कर सकें। इस प्रक्रिया को आप नजदीकी जन वितरण केंद्र पर जाकर भी पूरा कर सकते हैं या फिर घर बैठे मोबाइल के माध्यम से भी इसे किया जा सकता है। इसके लिए आपको ‘मेरा ई-केवाईसी’ ऐप डाउनलोड करना होगा। ऐप खोलकर राशन कार्ड नंबर, आधार संख्या और मोबाइल नंबर दर्ज करें। फिर ओटीपी डालें, आवश्यक विवरण भरें और फॉर्म सबमिट करें। इसके बाद लोकेशन चुनें, कैमरे से अपनी तस्वीर लें और भेज दें। इस तरह आपकी प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी हो जाएगी। जो लोग अब तक यह प्रक्रिया नहीं कर पाए हैं, उनके लिए यह एक अच्छा मौका है। निर्धारित समय से पहले यह कार्य पूरा करना जरूरी है, नहीं तो आपका नाम राशन सूची से हट सकता है।




