रांची :झारखंड के गढ़वा जिले में एक दर्दनाक ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। गढ़वा सदर थाना क्षेत्र के एक गांव में 17 वर्षीय किशोरी को उसके प्रेम संबंध के संदेह में घरवालों ने बेरहमी से पीट दिया। पिटाई इतनी गंभीर थी कि किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को छुपाने के लिए परिजनों ने उसे एक कमरे में बंद कर दिया और शाम ढलने का इंतजार करते रहे।

रात होते ही परिजन और कुछ ग्रामीण शव को गांव के पास स्थित बगही श्मशान घाट ले गए, जहां चिता तैयार कर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। बताया जाता है कि शव पर आग भी लगा दी गई थी। इसी दौरान किसी ग्रामीण ने घटना की जानकारी पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही गढ़वा सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही परिजन और अन्य लोग फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने जलती चिता से शव को निकालकर कब्जे में ले लिया। इस दृश्य ने पुलिसकर्मियों को भी स्तब्ध कर दिया। पुलिस ने मृतका के पिता और भाई को हिरासत में ले लिया है। पिता ने स्वीकार किया कि लड़की का एक युवक से प्रेम प्रसंग था और इसी बात पर गुस्से में पिटाई के दौरान उसकी मौत हो गई। एसडीपीओ ने इसे गंभीर और जघन्य घटना बताते हुए कहा कि हत्या, सबूत नष्ट करने और षड्यंत्र रचने की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच जारी है।






