रांची: झारखंड में पिछले 7 दिनों से मौसम का मिजाज अजीब बना हुआ है। राज्य के कुछ हिस्सों में रुक-रुक कर हो रही बारिश से लोगों को गर्मी से मामूली राहत मिली है, लेकिन ज्यादातर जिलों में भीषण गर्मी और उमस ने हाल बेहाल कर दिया है। दोपहर में पड़ रही तेज धूप और चिपचिपाहट से लोग घरों में दुबके हैं। रात के समय भी गर्मी कम नहीं हो रही और बार-बार बिजली जाने से लोगों की नींद उड़ी हुई है।
बुधवार को भी राहत के आसार कम हैं। IMD ने पलामू, गढ़वा समेत कई जिलों के लिए लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राजधानी रांची और खूंटी में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने की आशंका है। कुछ जगहों पर बूंदाबांदी भी हो सकती है।

मंगलवार को प्रदेश के 9 जिलों में अधिकतम तापमान 40°C से ऊपर रिकॉर्ड हुआ। धनबाद में रात सबसे गर्म रही, न्यूनतम तापमान 30°C दर्ज किया गया। रांची का अधिकतम तापमान 39.3°C पहुंचा। फिलहाल तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री अधिक चल रहा है और अगले कुछ दिन ऐसा ही मौसम रहेगा।
रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड में लू की चपेट में आने से 14 साल की बच्ची रिफत आरजू की जान चली गई। डॉक्टरों ने मौत की वजह हीटवेव बताई है। आज का अनुमानित तापमान: रांची 36/23°C, जमशेदपुर 38/25°C, डाल्टनगंज 42/27°C, धनबाद 37/25°C, देवघर 32/24°C।




