रांची : झारखंड के मौसम में अगले चार दिनों तक बदलाव की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, 19 मई तक राज्य में कई जगहों पर बादलों की गरज के साथ वर्षा होने की संभावना है। बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट भी जारी कर दिया गया है।

हालांकि शुक्रवार को कुछ क्षेत्रों में नमी भरी गर्म हवाओं से लोग असहज महसूस कर सकते हैं, जबकि अन्य जगहों पर तेज बारिश राहत दे सकती है। उत्तर पश्चिम हिस्सों को छोड़कर बाकी झारखंड में आज वर्षा की उम्मीद है। इन क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने से तापमान में गिरावट आने की संभावना है। लेकिन साहिबगंज, धनबाद, देवघर, दुमका, गोड्डा जैसे जिलों में चिपचिपी गर्मी परेशान कर सकती है। वहीं, कोडरमा, पलामू, चतरा जैसे जिलों में भी गर्म हवाएं जारी रह सकती हैं। बीते 24 घंटों में राज्य के तापमान में करीब 2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। रांची में तापमान 36/24 डिग्री सेल्सियस, जमशेदपुर में 38/27, जबकि डाल्टनगंज और मेदिनीनगर में 41/27 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।




