गिरिडीह : गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र स्थित जगन्नाथडीह मिर्जागंज सब्जी मंडी रविवार की सुबह रणभूमि में तब्दील हो गई, जब सब्जी खरीद-बिक्री के दौरान लगे जाम को लेकर दो गुटों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि वह हिं’सक झड़प में बदल गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों की ओर से ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे चलने लगे, जिससे पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई।

घटना के दौरान फल और सब्जियों के ठेले तथा दुकानें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। लोगों ने जान बचाने के लिए इधर-उधर भागना शुरू कर दिया और कुछ देर के लिए पूरा बाजार रणभूमि में बदल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के करीब एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें से कुछ की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही जमुआ थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और बमुश्किल स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। बाद में दोनों ही गुटों ने थाना पहुंचकर एक-दूसरे पर मा’रपीट और रंगदारी मांगने के आरोप लगाए। फिलहाल जमुआ पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में त’नावपूर्ण शांति बनी हुई है।




