जमशेदपुर: शहर के सरकारी स्कूल, जहां दिन में बच्चों की पढ़ाई होती है, वहीं शाम ढलते ही कई स्कूल परिसर असामाजिक तत्वों और नशेड़ियों के अड्डे में तब्दील हो जा रहे हैं। स्कूल बंद होने के बाद परिसर में शराब, गांजा और अन्य नशीले पदार्थों का खुलेआम सेवन किया जा रहा है। कई जगहों पर देर रात तक अड्डेबाजी, विवाद और मारपीट की घटनाएं सामने आ रही हैं। हालात इतने गंभीर हो चुके हैं कि कुछ सरकारी स्कूल परिसरों में हत्या जैसी सनसनीखेज वारदातें भी हो चुकी हैं।
हाल ही में Parsudih Sopodera स्थित राजकीय मध्य विद्यालय परिसर में एक नाबालिग किशोरी की हत्या ने स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों और अभिभावकों का कहना है कि स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था नाममात्र की है। छुट्टी के बाद न तो कोई सुरक्षा गार्ड मौजूद रहता है और न ही पुलिस की नियमित गश्ती होती है, जिसका फायदा अपराधी और असामाजिक तत्व उठा रहे हैं।

चहारदीवारी की कमी बन रही बड़ी वजह
शहर के कई सरकारी स्कूलों में चहारदीवारी नहीं है या फिर दीवारें जर्जर और टूटी हुई हैं। कई स्कूलों की बाउंड्री वॉल इतनी नीची है कि कोई भी आसानी से अंदर प्रवेश कर सकता है। यही वजह है कि स्कूल बंद होते ही परिसर में बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है और वहां नशाखोरी व अड्डेबाजी शुरू हो जाती है। कई बार इन्हीं अड्डों पर विवाद बढ़ने के बाद मारपीट और गंभीर अपराध की घटनाएं भी सामने आई हैं।
सरकारी स्कूल परिसरों में हो चुकी हैं हत्याएं
21 मार्च 2025 को Uliyan Khanqah Kunwar Singh Road स्थित राष्ट्रीय मध्य विद्यालय के एक कमरे से युवक सौरभ शर्मा उर्फ पवन का शव बरामद हुआ था। उसकी गला रेतकर हत्या की गई थी। जांच में सामने आया कि स्कूल परिसर में चल रही अड्डेबाजी के दौरान विवाद के बाद उसकी हत्या हुई थी। मौके से शराब की बोतलें भी बरामद हुई थीं।
इसके बाद 9 मई 2026 को परसुडीह के सोपोडेरा स्थित राजकीय मध्य विद्यालय परिसर में 16 वर्षीय किशोरी सुमन हांसदा का शव मिला। किशोरी Birsanagar की रहने वाली थी और एक घर में बच्चों की देखभाल का काम करती थी। वह शुक्रवार से लापता थी। पुलिस के अनुसार उसकी गला दबाकर हत्या की गई। मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने दुष्कर्म की आशंका से इनकार करते हुए जल्द मामले के खुलासे का दावा किया है।
लोगों की मांग— स्कूलों में बढ़े सुरक्षा व्यवस्था
स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने प्रशासन से मांग की है कि सभी सरकारी स्कूल परिसरों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, रात में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए और स्कूल बंद होने के बाद बाहरी लोगों के प्रवेश पर सख्ती से रोक लगाई जाए, ताकि शिक्षा के मंदिरों को अपराधियों के कब्जे से मुक्त कराया जा सके।




