रांची : झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने शुक्रवार को बारहवीं विज्ञान वर्ग का परिणाम घोषित किया। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन ने दीप प्रज्वलन कर समारोह की शुरुआत की और नतीजों की औपचारिक घोषणा की। इस साल कुल 98,634 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 78,186 ने परीक्षा दी। साइंस स्ट्रीम का कुल पास प्रतिशत 79.26% रहा, जो पिछले साल की तुलना में 7% अधिक है।

जैक सचिव जयंत मिश्रा ने बताया कि 58,520 छात्रों को प्रथम श्रेणी, 19,383 को द्वितीय श्रेणी, 63 को तृतीय श्रेणी तथा 20 विद्यार्थी केवल उत्तीर्ण हुए। लातेहार जिला सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला क्षेत्र रहा, जहां 88.02% छात्र सफल रहे। छात्राओं ने एक बार फिर उत्कृष्टता दिखाई, उनका उत्तीर्ण प्रतिशत 80.53% रहा, जबकि छात्रों का केवल 48.43% रहा।परिणामों के साथ ही राज्यभर में छात्रों के चेहरे खुशी से खिल उठे। शिक्षा मंत्री ने सभी सफल छात्रों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि सरकार उच्च गुणवत्ता की पढ़ाई और बेहतर संसाधनों के लिए लगातार प्रयास कर रही है। जैक बोर्ड ने विद्यार्थियों से आग्रह किया है कि वे परिणाम वेबसाइट पर देखें और आगामी लक्ष्यों पर ध्यान केंद्रित करें।




