जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची इलाके में एक बड़ी ठगी की वारदात सामने आई है। पेनार रोड निवासी डॉक्टर बारीन सरकार को दो अज्ञात व्यक्तियों ने चकमा देकर लाखों रुपये के जेवरात लेकर चंपत हो गए। यह घटना 29 मई को दोपहर करीब 12 बजे हुई जब दोनों युवक उनके घर पहुंचे। उन्होंने दावा किया कि वे आभूषण चमकाने का कार्य करते हैं और विशेष पाउडर से गहनों को चमकदार बना सकते हैं।

डॉक्टर बारीन सरकार ने उन पर भरोसा कर सोने की चेन और कीमती रत्नों जड़ी चार अंगूठियां सौंप दीं। युवकों ने गहनों पर कुछ सामग्री लगाकर उन्हें एक पैकेट में रखकर डॉक्टर को लौटाया और तेजी से वहां से निकल गए। डॉक्टर ने सोचा कि गहने सुरक्षित लौट आए हैं, लेकिन जब उन्होंने कुछ देर बाद पैकेट खोला, तो उसमें कुछ भी नहीं मिला। इस धोखे की सूचना साकची थाने में दी गई, जहां दो अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। जांच जारी है और पुलिस ठगों की पहचान में जुटी है।




