Saraikela (संजीव मेहता) : सोमवार को रांची निबंधन कार्यालय में होटल ताज के निर्माण के लिए लीज प्रक्रिया पूरी हुई. करीब 400 करोड़ की लागत से रांची में होटल ताज का निर्माण होगा. होटल निर्माण में 4 साल लगेंगे. करीब 200 कमरे वाला रांची शहर में होटल ताज खुलने का रास्ता साफ हो गया है. राज्य सरकार के नगर विकास विभाग ने होटल ताज के लिए जमीन की लीज ताज प्रबंधन के नाम कर दी है. यह लीज सोमवार को दिन के करीब 12 बजे हुई. इस दौरान रजिस्ट्री कार्यालय में नगर विकास विभाग के अधिकारी और होटल ताज ग्रुप के अधिकारी उपस्थित थे.
* 60 वर्षों के लिए हुई लीज-
होटल ताज दुनिया की प्रतिष्ठित 5 स्टार होटलों में अग्रणी है. होटल का शिलान्यास नवंबर में होने का अनुमान है. होटल ताज के लिए रांची के नए विधानसभा के पास भूमि की लीज हुई है. फिलहाल यह लीज 60 वर्षों के लिए हुई है. होटल निर्माण में 400 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. भूमि का कुल क्षेत्रफल 6 एकड़ है. इसके लिए सरकार को लगभग 4 करोड़ 20 लाख रुपये का राजस्व स्टांप और फीस के रूप में ताज ग्रुप की ओर से दिया गया. होटल ताज का निर्माण धुर्वा के स्मार्ट सिटी स्थित कोर कैपिटल में होगी. इसके निर्माण पर करीब 400 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है और होटल का निर्माण कार्य चार साल में पूरी होने की उम्मीद है. होटल की उंचाई करीब 27 मीटर होगी और ग्राउंड कवरेज एरिया 40 प्रतिशत होगी.

* होटल खुलने से लोगों को मिल सकेगा रोजगार-
ताज होटल को लेकर पिछले दिनों जो जानकारी सामने आयी थी, उसके मुताबिक होटल में करीब 200 कमरे होंगे. इसके अलावा बैक्वेट हॉल, वेलनेस सेंटर, स्वीमिंग पुल और गार्डन जैसी सुविधाएं होंगी. सरकार को अनुमान है कि होटल ताज खुलने से शहर के करीब 1000 लोगों को अप्रत्यक्ष रुप से रोजगार मिल सकेगा.
* 24 जुलाई 2024 को हुआ था सरकार और IHCL के बीच एमओयू-
बता दें कि 24 जुलाई 2024 को झारखंड सरकार और टाटा समूह की कंपनी इंडियन होटल्स लिमिटेड (IHCL) के बीच होटल खोलने को लेकर एमओयू किया गया था. एमओयू कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और टाटा स्टील के सीईओ व एमडी टीवी नरेंद्रन उपस्थित थे.



