गिरिडीह : गिरिडीह–डुमरी मुख्य मार्ग पर एक दिल दहला देने वाला दृश्य सामने आया, जब एक पिता अपने छह मासूम बच्चों के साथ सड़क हादसे का शिकार हो गया. पीरटाँड थाना क्षेत्र अंतर्गत पालगंज के समीप अज्ञात मोटरसाइकिल के अचानक चकमा देने से एक ही बाइक पर सवार सातों लोग सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए.
हादसे में खुखरा निवासी 35 वर्षीय विनोद साव के साथ उनके छह बच्चे 9 वर्षीय गुड़िया कुमारी, 12 वर्षीय संतोषी कुमारी, 7 वर्षीय कृति कुमारी, 2 वर्षीय अंकुश कुमार, 4 वर्षीय कोमल कुमारी और 5 वर्षीय अंकित कुमार शामिल हैं. सभी घायलों को तत्काल सदर अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. मिली जानकारी के अनुसार विनोद साव अपने बच्चों को लेकर बेंगाबाद थाना क्षेत्र के बहादुरपुर स्थित ससुराल जा रहे थे.

इसी दौरान पालगंज के पास सामने से आ रही एक अज्ञात बाइक ने अचानक चकमा दे दिया. संतुलन बिगड़ते ही बाइक सड़क पर फिसल गई और सातों लोग इधर-उधर जा गिरे. रात का समय होने के कारण कुछ देर तक सभी घायल सड़क किनारे तड़पते रहे. कुछ समय बाद उधर से गुजर रहे राहगीरों की नजर घायलों पर पड़ी. उन्होंने बिना देर किए एक टेम्पो रुकवाया और सभी को सदर अस्पताल पहुंचाया.




