दिल्ली ( प्रतीक सिंह ) : गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स से जुड़े एक बड़े घोटाले की जांच में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कार्रवाई करते हुए दस फर्जी कंपनियों के खातों से 60 लाख रुपये जब्त किए हैं। यह धनराशि बोगस संस्थाओं के खातों में जमा थी। इस पूरे मामले में 800 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी सामने आई है, जिसमें अब तक चार व्यक्तियों को हिरासत में लिया जा चुका है।

इनमें प्रमुख अभियुक्त शिव कुमार देवड़ा के अलावा मोहित देवड़ा, अमित गुप्ता और अमित अग्रवाल उर्फ विक्की भालोटिया शामिल हैं। ईडी ने दो आरोपितों से पहले ही गहन पूछताछ की है और अब मुख्य आरोपी शिव कुमार देवड़ा से भी गहराई से पूछताछ हो रही है। उल्लेखनीय है कि एजेंसी ने 8 मई को रांची, कोलकाता और जमशेदपुर में तलाशी अभियान चलाया था, जिसमें महत्त्वपूर्ण दस्तावेज हाथ लगे। इन दस्तावेजों के आधार पर गिरफ्तारी की गई थी। जांच में सामने आया कि कोलकाता निवासी शिव कुमार देवड़ा पूरे जाल का संचालन कर रहा था। अन्य तीन सहयोगियों के साथ मिलकर यह गिरोह फर्जी जीएसटी पंजीकरण कर गलत इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का लाभ उठा रहा था। अब तक इन्होंने करीब 14,325 करोड़ रुपये के जाली चालान बनाए हैं।




