रांंची : झारखंड का मौसम इन दिनों पूरी तरह से परिवर्तित नजर आ रहा है। आगामी 28 मई तक यही स्थिति बनी रह सकती है। आज शुक्रवार को राज्य के कई इलाकों में गंभीर मौसम की चेतावनी जारी की गई है। कुछ जिलों में तेज बारिश के साथ वज्रपात की आशंका है, जिसे लेकर सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

हजारीबाग, चतरा, कोडरमा, गढ़वा, पलामू और लातेहार में 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।पिछले कुछ दिनों से लगातार वर्षा के चलते तापमान में गिरावट आई है। पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में दोपहर के बाद मौसम ने अचानक करवट ली और बारिश से लोगों को तपन से राहत मिली। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। जमशेदपुर, धनबाद, देवघर, डाल्टनगंज, और मैक्लूसकीगंज में भी पारे में कमी देखी गई है। आने वाले 24 घंटों में तापमान में और गिरावट की संभावना है, जिससे पूरे क्षेत्र का वातावरण सुखद और ठंडा बना रह सकता है।




