Saraikela (संजीव मेहता) :
राज्यसभा सांसद और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन (गुरुजी) का सोमवार को निधन हो गया. वह 81 वर्ष के थे. दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली. इस गमगीन मौके पर झारखंड सरकार ने 4 अगस्त से 6 अगस्त तक तीन दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा कर दी है. बीते कुछ दिनों से उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी. ब्रेन स्ट्रोक के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया था. इसके कारण उनके शरीर के बाएं हिस्से में लकवा हो गया था. शिबू सोरेन लंबे समय से किडनी की बीमारी से पीड़ित थे और पिछले एक साल से डायलिसिस पर थे. उन्हें डायबिटीज और हृदय संबंधी समस्याएं भी थीं. उनकी बायपास सर्जरी भी हो चुकी थी. न्यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी और नेफ्रोलॉजी के डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही थी.

दिशोम गुरू के निधन की जानकारी CM हेमंत सोरेन ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया X पर साझा की है. उन्होंने लिखा… “आदरणीय दिशोम गुरुजी हम सभी को छोड़कर चले गए हैं. आज मैं शून्य हो गया हूँ…”.




