सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले में दीपावली और छठ जैसे बड़े त्यौहारों को ध्यान में रखते हुए जिला आपूर्ति पदाधिकारी (डीएसओ) पुष्कर सिंह मुंडा ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने जिले के सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को आदेश दिया है कि सभी राशन उपभोक्ताओं का अनाज दीपावली छठ पर्व से पहले समय पर उपलब्ध कराया जाए।
डीएसओ ने कहा कि त्योहारों के समय गरीब और जरूरतमंद परिवारों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।इसीलिए सभी डीलरों को निर्धारित समयसीमा के भीतर खाद्यान्न वितरण कार्य पूरा करना अनिवार्य है। उन्होंने आगे कहा कि किसी भी उपभोक्ता को राशन नहीं मिलने की शिकायत प्राप्त होती है, तो संबंधित डीलर और पदाधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीएसओ मुंडा ने सभी प्रखंडों में आपूर्ति, पदाधिकारी को वितरण कार्य की निगरानी करने और प्रतिदिन की रिपोर्ट जिला आपूर्ति कार्यालय को भेजने का निर्देश दिया है।

साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि त्योहारों के दौरान उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए राशन दुकानों को हर हाल में समय पर खोला जाए, ताकि कोई भी लाभुक वंचित न रह जाए। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी राशन वितरण में गड़बड़ी या लापरवाही पाई जाती है, तो तुरंत जिला आपूर्ति कार्यालय को इसकी सूचना दें। प्रशासन का उद्देश्य है कि दीपावली और छठ जैसे पावन पर्व पर जिले के प्रत्येक परिवार के घर में उजाला और खुशहाली बनी रहे।






