सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले के गम्हरिया थाना अंतर्गत झार गोविंदपुर से 19 वर्षीय राहुल तिवारी (उम्र 19 वर्ष), पिता—कुंज बिहारी तिवारी, की कंप्यूटर क्लासेस से नहीं लौटने से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। झारगोविंदपुर, निवासी राहुल तिवारी रोज़ की तरह कंप्यूटर शिक्षा के लिए छोटा गम्हरिया कंप्यूटर क्लास पढ़ने गए थे। वह शाम करीब 4 बजे घर से निकले, लेकिन रात 8:30 बजे तक घर वापस नहीं लौटे।
निर्धारित समय तक उनके न आने पर परिजनों की चिंता बढ़ने लगी और वे आसपास तथा परिचितों के यहाँ जानकारी लेने लगे, परंतु कोई सुराग नहीं मिला। काफ़ी प्रयासों के बाद भी जब राहुल का पता नहीं चला, तो चिंतित पिता कुंज बिहारी तिवारी ने स्थानीय थाना गम्हरिया में आवेदन देकर गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई। आवेदन देने के बाद घर लौटते समय लाल बिल्डिंग के पास राहुल की साइकिल दिखाई दी, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई।

इस घटना के बाद परिवारजन गहरे सदमे में हैं और रो-रोकर उनका बुरा हाल हो गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की सूचना वायरलेस के माध्यम से संबंधित क्षेत्रों में प्रसारित कर दी गई है। थाना प्रभारी ने यह भी आश्वासन दिया कि वे स्वयं इस प्रकरण की निगरानी कर रहे हैं और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा संभावित स्थानों पर तलाश जारी है। परिवार द्वारा प्रशासन से शीघ्र खोजने की मांग की है।




