सरायकेला : पुलिस अधीक्षक सरायकेला-खरसावां के निर्देश पर आरआईटी थाना पुलिस ने लंबित मामलों में फरार चल रहे पांच गैर-जमानती वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। यह कार्रवाई 23 जून 2026 को विशेष अभियान चलाकर की गई। गिरफ्तार आरोपियों में बंतानगर निवासी विशाल कालिंदी (26) शामिल है, जो आरआईटी थाना कांड संख्या 28/23 में चोरी एवं संबंधित धाराओं के मामले में वांछित था।
वहीं रायडीह बस्ती रोड नंबर-32 निवासी सिन्टु कुमार (24) तथा रायडीह बस्ती अंबेडकर नगर निवासी रितिक कुमार (23) को आरआईटी थाना कांड संख्या 99/19 में दर्ज मारपीट एवं अन्य धाराओं से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा रोड नंबर 13-14 स्थित क्वार्टर संख्या 42/1/6 निवासी नितेश कुमार (32) को आरआईटी थाना कांड संख्या 34/22 में दर्ज चोरी और सामान बरामदगी से संबंधित मामले में पकड़ा गया।

वहीं ईच्छापुर उपर टोला निवासी सोहन साहु (29) को उत्पाद अधिनियम के तहत दर्ज मामले में गैर-जमानती वारंट के आधार पर गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों को विधिसम्मत प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने कहा कि फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।






