Saraikela (संजीव मेहता) : बुधवार को नगर निगम क्षेत्र के अटल स्मृति पार्क में एक अभिनंदन समारोह आयोजित हुआ. जिसमें नगर निगम आदित्यपुर के नए नगर आयुक्त एजाज अनवर, नए अपर नगर आयुक्त अमित कुमार ने पार्षदों और कर्मियों से परिचय प्राप्त किया, पार्षदों ने दोनों अधिकारियों का अभिनंदन पुष्प गुच्छ और शॉल ओढ़ाकर किया. इस मौके पर नगर आयुक्त एजाज अनवर, अपर नगर आयुक्त अमित कुमार के साथ मेयर संजय सरदार, डिप्टी मेयर अंकुर सिंह, विपुल कुमार सहायक नगर आयुक्त, कार्यपालक अभियंता पंकज झा मंचासीन रहे.
इस मौके पर सभी पार्षदों और कर्मियों से परिचय प्राप्त किया. मौके पर पार्षदों ने एक टीम बनाकर क्षेत्र का विकास करने की बात कही. समारोह का संचालन कुमार सौरभ ने किया. अपनी बात रखते हुए नए नगर आयुक्त एजाज अनवर ने कहा कि मेरा पदस्थापन भले ही नया है लेकिन मैं यहीं बगल के जमशेदपुर का निवासी हूं. इसलिए मेरा दायित्व बनता है कि मैं आदित्यपुर का विकास अपना घर समझ कर करूं. मेरे पास जादू की छड़ी नहीं है, लेकिन मेरी जादू की छड़ी आपका सहयोग है.

मेरी सरकारी सेवा के 26 साल हो चुके हैं, इस अनुभव का लाभ आदित्यपुर को निश्चित तौर पर मिलेगा. मेरी पहली प्राथमिकता पानी की उपलब्धता रहेगी, जिसके बाद सफाई, सड़क और अन्य विकास कार्य होंगे. विकास के लिए जमीन की समस्या यहां दिख रही है लेकिन उसे दूर करने का भरसक प्रयास करूंगा. सरकारी जमीन निगम की होगी और उसपर भरपूर विकास होगा. अंतिम प्राथमिकता रेवेन्यू की होगी जो विकास के लिए जरूरी होता है. अभी भी 60% जमीन से रेवेन्यू नहीं मिल रहा है जिसे हम पूरा करने का प्रयास करेंगे. सारा कुछ मैं नियम कानून के दायरे में रहकर करूँगा. अपर नगर आयुक्त ने कहा कि मेरे लिए यह नया जगह है, आज हमसब एक छत के नीचे मिल रहे हैं, इसी तरह आगे भी एक छत के नीचे बैठकर योजनाएं बनाएंगे और आदित्यपुर निगम क्षेत्र का विकास करेंगे. मेयर संजय सरदार ने कहा कि आज हम दोनों नए अधिकारियों का स्वागत करता हूँ और यह वादा करता हूं कि आदित्यपुर का विकास टीम वर्क के साथ होगा, जिसमें पार्षदों के साथ एक एक कर्मियों का सहयोग अपेक्षित है. सफाई और स्ट्रीट लाइट के साथ पानी की समस्या यहां विकराल है इसपर काफी कुछ करना है. अंत में धन्यवाद ज्ञापन कार्यपालक अभियंता पंकज झा ने किया.






