सरायकेला :इस बार छठ पर्व पर किसी भी संगठन या राजनितिक पार्टी के द्वारा सार्वजनिक रुप से अधिक मात्रा में फल-प्रसाद या सामग्री का वितरण नहीं किया जा सकेगा. इसे आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन मानते हुए उपायुक्त ने करवाई का आदेश दिया है. वे रविवार की शाम जिले के पदाधिकारियों संग ऑनलाइन बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए हैं. बता दें कि आगामी छठ पर्व की तैयारियों को लेकर आज जिला दण्डधिकारी -सह- उपायुक्त रवि शंकर शुक्ला की अध्यक्षता में रविवार को ऑनलाइन समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया.
विडिओ कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में उपायुक्त ने प्रखंड एवं नगर निकाय क्षेत्र में छठ घाटों पर की जा रही तैयारियों का क्रमवार समीक्षा किया. इस दौरान उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को आदर्श आचार संहिता का पालन करते हुए पर्व मनाने के निर्देश दिए. उपायुक्त ने नगर निकाय क्षेत्र के सभी छठ घाटों की साफ-सफाई, तालाबों और नदियों में जलकुंभी की सफाई, स्ट्रीट लाइट की मरम्मत, और कचरा प्रबंधन की व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा की छठ पर्व जिले के आदित्यपुर, गम्हरिया, सरायकेला, चांडील तथा कपाली क्षेत्र में बड़े उत्साह से मनाए जाते हैं, 
इसलिए यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी को कोई असुविधा न हो. समीक्षा बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों के प्रखंड विकास पदाधिकारियों को भी निर्देश दिया गया कि वे छठ समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करें, ताकि विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो. साथ ही, छठ घाटों पर विद्युत व्यवस्था तथा नदी/पोखरा में डेंजर लेवल से पहले ब्रेकटिंग एवं आवश्यक सिनेज बोर्ड आदि पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश भी दिए गए. उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग, एनडीआरएफ, यातायात पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम को 24 घंटे सतर्क रहने का निर्देश दिया. साथ ही वैसे छट घाठ जहां अधिक भीड़ भाड़ होती है वहां आवश्यकतानुसार पुलिस बल एवं मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्त करने की बात कही. उपायुक्त ने कहा की चूंकि इस वर्ष छठ पर्व चुनाव के दौरान हो रहे हैं, इसलिए विशेष ध्यान रखना होगा कि आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन न हो.
उन्होंने किसी भी संग़ठन एवं राजनितिक पार्टी के द्वारा सार्वजनिक रुप से अधिक मात्र में फल-प्रसाद या सामग्री का वितरण किये जाने सम्बन्धित प्राप्त सूचना पर त्वरित करवाई करने का आदेश दिया है. आज की बैठक में उप विकास आयुक्त प्रभात कुमार बर्दीयार, परियोजना निदेशक आई.टी.डी.ए. आशीष अग्रवाल, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अपर नगर आयुक्त, नगर निगम आदित्यपुर रवि प्रकास, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला, अनुमंडल पदाधिकारी चांडील, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी तथा सभी नगर निकाय क्षेत्र के कार्यपालक पदाधिकारी एवं अन्य सम्बन्धित पदाधिकारी उपस्थित रहे.




