सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले में पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी द्वारा शुरू किए गए *Project ‘Device’* के तहत आम लोगों के गुम हुए मोबाइल फोन को खोजकर वापस दिलाने की पहल लगातार सफल साबित हो रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार दिनांक 07.05.2026 को चांडिल थाना प्रभारी डिलशन बिरूवा ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए CEIR पोर्टल की सहायता से गुम हुए कुल 05 मोबाइल फोन बरामद किए।

बरामद किए गए सभी मोबाइल फोन का सत्यापन करने के बाद संबंधित मोबाइल धारकों को सही-सलामत वापस सौंप दिया गया। अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे पर खुशी साफ देखने को मिली। मोबाइल धारकों ने सरायकेला-खरसावां पुलिस एवं चांडिल थाना पुलिस के इस प्रयास की सराहना करते हुए धन्यवाद व्यक्त किया।
पुलिस अधीक्षक द्वारा शुरू किया गया यह अभियान आम जनता और पुलिस के बीच विश्वास को मजबूत करने का कार्य कर रहा है। वर्तमान समय में मोबाइल फोन लोगों की दैनिक जरूरत का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है, ऐसे में गुम हुए मोबाइल की बरामदगी लोगों के लिए बड़ी राहत भरी सौगात साबित हो रही है।
सरायकेला-खरसावां पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत नजदीकी थाना में सूचना दें तथा CEIR पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराएं, ताकि त्वरित कार्रवाई कर मोबाइल बरामद किया जा सके।




