सरायकेला / (संजीव मेहता) : बिल्डिंग के छत से गिरकर 13 वर्ष के किशोर की हुई मौत मामले को लेकर रविवार को दोपहर परिजनों ने आदित्यपुर थाना का घेराव किया। परिजनों ने बिल्डर के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई और बिल्डर पर अधूरे और असुरक्षित बिल्डिंग में परिवारों को रहने की अनुमति देने का आरोप लगाया, जिसका परिणाम है कि आज एक 13 वर्ष के किशोर की मौत हुई है। बता दें, कि शनिवार की शाम आदित्यपुर थाना अंतर्गत दिण्डली बस्ती के अशोक पथ में स्थित साई आवास अपार्टमेंट्स के 6 मंजिला छत से गिरकर 13 वर्षीय आयुष की मौत हो गई थी। आयुष के पिता का नाम विपुल गोस्वामी है जो आरकेएफएल कंपनी में कार्य करते हैं, आज विरोध करने में उनके कंपनी के साथी भी शामिल थे। कल शाम करीब 3 बजे आयुष बिल्डिंग के छत पर कुछ अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था।

इसी दौरान खेलते समय आयुष एक बिल्डिंग के ऊपर से ही नीचे जा गिरा। गिरने के साथ ही आयुष के सर से खून भी काफी ज्यादा मात्रा में निकल गई थी। परिजन आयुष को टीएमएच ले गई, जहां ईलाज के दौरान आयुष की मौत हो गई थी। परिजनों ने आयुष के मौत के लिए बिल्डर को दोषी ठहराया है, और भविष्य में भी ऐसी घटना घटित हो सकती है। इसलिए बिल्डर के विरुद्ध कार्रवाई होनी चाहिए और बिल्डर के द्वारा बिल्डिंग में सुरक्षा की सम्पूर्ण व्यवस्था अविलंब होनी चाहिए।




