नई दिल्ली : नए साल में भी भारत में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। 2 जनवरी 2025 को इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के अनुसार, दिल्ली में पेट्रोल का दाम 94.77 रुपये प्रति लीटर और डीजल का 87.67 रुपये प्रति लीटर है। वहीं, पोर्ट ब्लेयर में यह क्रमशः 82.46 रुपये और 78.05 रुपये प्रति लीटर है, जो दिल्ली के मुकाबले काफी सस्ता है। पेट्रोल-डीजल की कीमतें स्थिर रहने के बावजूद कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी है। वर्तमान में ब्रेंट क्रूड 74.64 डॉलर प्रति बैरल और डब्ल्यूटीआई 72.04 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड हो रहा है। यह दर्शाता है कि वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में हल्की तेजी बनी हुई है। दुनिया में सबसे सस्ता पेट्रोल ईरान में 2.44 रुपये प्रति लीटर है। इसके बाद लीबिया में 2.61 रुपये और वेनेजुएला में 2.99 रुपये प्रति लीटर पेट्रोल मिल रहा है। भारत में, टैक्स और अन्य शुल्कों के कारण पेट्रोल-डीजल की कीमतें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सस्ते देशों की तुलना में अधिक हैं।

पोर्8 ब्लेयर में सस्ते पेट्रोल-डीजल के पीछे कारण राज्य करों और वैट की कम दरें हैं। वहीं, दिल्ली सहित अन्य बड़े शहरों में अधिक कर और परिवहन लागत के कारण कीमतें ज्यादा रहती हैं। दूसरी ओर, कच्चे तेल की कीमतों में बदलाव का असर भारतीय बाजार पर आने वाले समय में पड़ सकता है। हालांकि फिलहाल पेट्रोल-डीजल की स्थिर कीमतें आम जनता को राहत दे रही हैं।




