दिल्ली (प्रतीक सिंह) : भारत में रेल यातायात सबसे लोकप्रिय और प्रचलित साधन है, जो लाखों लोगों की दैनिक यात्रा का हिस्सा है। भारतीय रेलवे नेटवर्क, जो कि दुनिया का चौथा सबसे बड़ा है, लगभग 7000 स्टेशनों से जुड़ा हुआ है और प्रतिदिन 2 करोड़ से ज्यादा यात्री इसका इस्तेमाल करते हैं। इन स्टेशनों में से सबसे अधिक आय दिल्ली का प्रमुख स्टेशन, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, करता है। 2023-24 के वित्तीय वर्ष में इस स्टेशन ने 3,337 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया। इसका मुख्य कारण इसकी केंद्रिय स्थिति और समूचे देश से इसकी उत्कृष्ट कनेक्टिविटी है।

नई दिल्ली स्टेशन के अलावा हावड़ा और चेन्नई सेंट्रल जैसे प्रमुख स्टेशन भी अच्छा राजस्व उत्पन्न करते हैं। हावड़ा स्टेशन की वार्षिक आय 1692 करोड़ रुपये और चेन्नई सेंट्रल की 1299 करोड़ रुपये है। प्लेटफार्म टिकट, वाणिज्यिक दुकानों, विज्ञापन और अन्य सुविधाओं से इन स्टेशनों की आय होती है। भारतीय रेलवे का नेटवर्क 68,000 किलोमीटर से अधिक है और यह देश के सबसे बड़े नियोक्ता के रूप में कार्य करता है, जिसमें 12 लाख से अधिक लोग काम करते हैं।




