जमशेदपुर : विगत 10 वर्षों से पेंशन बढ़ोतरी की मांग को लेकर EPS 95 पेंशनधारियों ने पूरे देश भर में दो दिवसीय धरना प्रदर्शन आहूत की है। इसी क्रम में जमशेदपुर के साकची स्तिथ भविष्य निधि कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन कर भविष्य निधि आयुक्त के माध्यम से केंद्रीय श्रम मंत्री,केंद्रीय वित्त मंत्री और केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त को ज्ञापन सौंपा है।

इस आंदोलन के बारे में जानकारी देते हुए राष्ट्रीय संघर्ष समिति जमशेदपुर मंडल के सचिव कालीपद सूई ने बताया कि पूरे देश भर में 78 लाख वृद्ध पेंशनर है जिन्होंने अपने कार्यकाल में कंपनी के माध्यम से पेंशन के लिए राशि जमा कराई थी, जिसके आलोक में उन्हें मात्र एक हजार रुपए पेंशन दी जाती है, इस न्यूनतम पेंशन को बढ़ाकर साढ़े 7 हजार रुपया करने के साथ महंगाई भत्ता,पति-पत्नी का आजीवन चिकित्सा सुविधा, ईपीएस 95 के वंचित पेंशनरों को 5000 मासिक पेंशन देने जैसी मुख्य मांगों को लेकर विगत 10 वर्षों से आंदोलन करते आ रहे हैं, लेकिन देश के प्रधानमंत्री सहित केंद्रीय श्रम मंत्री, वित्त मंत्री और भविष्य निधि आयुक्त के द्वारा सिर्फ उन्हें आश्वासन ही दिया जा रहा है लेकिन इस पर किसी भी तरह का ठोस पहल नहीं की जा रही है। जिसके विरोध में एक बार फिर 24 और 25 मार्च को देश भर के ई पी एफ ओ कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन करना सुनिश्चित किया गया है इसी के तहत प्रथम दिन जमशेदपुर में भी प्रदर्शन कर केंद्र सरकार का ध्यान आकर्षित की जा रही है,इसके बावजूद भी सरकार कोई ठोस पहल नहीं करती है तो अनिश्चित कालीन आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।




