Saraikela (संजीव मेहता) : नगर निगम आदित्यपुर के बंतानगर मुहल्ले के गरीब उपभोक्ताओं को पिछले 5 माह से अनाज नहीं मिल रहा है. जिसको लेकर आज गरीब उपभोक्ताओं ने पीडीएस डीलर के विरुद्ध प्रखंड कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया. बता दें कि गम्हरिया प्रखंड में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के डीलरों की मनमानी से उपभोक्ताओं में आक्रोश बढ़ता जा रहा है.
सोमवार को बनतानगर के दर्जनों उपभोक्ताओं ने डीलर कृष्ण प्रजापति और कालो पातर के खिलाफ प्रखंड कार्यालय परिसर में जमकर विरोध प्रदर्शन किया है. प्रदर्शनकारी उपभोक्ताओं का कहना है कि पिछले पांच महीनों से डीलर द्वारा खाद्यान्न का वितरण नहीं किया जा रहा है, जबकि हर महीने उनसे अंगूठा लगवाया जा रहा है. लोगों ने खाद्यान्न वितरण में गंभीर अनियमितता और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया.
जब विभागीय अधिकारियों से इस संबंध में पूछताछ की गई तो कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला.

विभागीय सूत्रों के अनुसार, डीलर को नियमित रूप से सरकारी खाद्यान्न उपलब्ध कराया गया है, इसलिए यह जांच आवश्यक है कि उपभोक्ताओं तक राशन क्यों नहीं पहुंचा. बता दें कि प्रखंड के कई पीडीएस डीलरों पर सरकारी अनाज के गबन के आरोप पहले भी लग चुके हैं, लेकिन विभागीय लापरवाही के कारण अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है. इससे डीलरों का मनोबल बढ़ता जा रहा है. अब देखना यह होगा कि इस बार विभाग आरोपित डीलरों पर क्या कदम उठाता है.




