सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले में अवैध कारोबार एक बार फिर से जोर पकड़ते जा रहा है, जिस पर खुफिया विभाग की निगाहें टिकी हुई हैं। चुनाव के समय प्रशासन ने सभी अवैध कारोबार बालू उत्खनन, शराब भट्टी, और स्क्रैप कारोबार के खिलाफ व्यापक अभियान चलते हुए पूर्णतः बंद कर दिया था। जिसके कारण इन अवैध गतिविधियों पर कुछ दिनों तक रोक लग गई थी। बालू खनन माफिया, शराब भट्टी संचालक और स्क्रैप कारोबारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई थी और कई अवैध कारोबार बंद हो गए थे और कई सलाखों के पीछे भी गए थे। लेकिन अब जैसे ही चुनाव समाप्त हुए और छठ पर्व का समापन हुआ, यह अवैध कारोबार फिर से चार गुना जोश के साथ पुनर्जीवित हो गए हैं। माफियाओं ने नदी में बालू का उत्खनन तेजी से शुरू कर दिया है। शराब भट्टियां और स्क्रैप टाल पूरे अपने ताकत के अनुसार अपने अवैध अधिकारियों को आगे बढ़ा रहे हैं। अवैध बालू खनन के लिए माफिया रात के समय, यानी रात्रि 10 बजे से सुबह 4 बजे तक अपनी गतिविधियाँ तेज़ कर देते हैं। नदी में इन माफियाओं द्वारा भारी मात्रा में बालू का उत्खनन किया जा रहा है, जो कि पर्यावरणीय दृष्टिकोण से भी खतरनाक है। खुफिया विभाग मामले को गंभीरता से लेते हुए लगातार निगरानी रख रहा है।

खुफिया विभाग की टीम रात भर नदी में चल रहे अवैध उत्खनन पर प्राप्त जानकारी के अनुसार नजर रख रहे है। ताकि माफियाओं की गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके। इसके अलावा, विभाग की रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन ने भी कार्रवाई शुरू कर दी है। जिले में बंद हुए अवैध कारोबार फिर से चालू होने पर खुफिया विभाग की निगाहें बनी हुई है। खुफिया विभाग और प्रशासन का लक्ष्य इन अवैध कारोबारों को पूरी तरह से बंद कराना और कानून व्यवस्था को बनाए रखना है। जो एक बड़ी चुनौती है।




