बिहार : औरंगाबाद के सदर अस्पताल में शुक्रवार को बंध्याकरण ऑपरेशन के दौरान घोर लापरवाही के कारण एक महिला की मौत हो गई। बताया जाता है कि शहर के टिकरी मोहल्ला निवासी महिला बंध्याकरण ऑपरेशन के लिए अस्पताल पहुंची थी।ऑपरेशन के दौरान चिकित्सकों ने कथित रूप से उसे ओवरडोज इंजेक्शन दे दिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मी घटनास्थल से फरार हो गए। इस बीच आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और मुआवजे की मांग करने लगे। मामला बढ़ता देख सदर अस्पताल के उपाधीक्षक ने आनन-फानन में लिखित रूप से रोगी कल्याण समिति के तहत मृतक के परिवार को चार लाख रुपये मुआवजा देने की बात कही।हालांकि परिजनों ने इसे नकारते हुए 10 लाख रुपये मुआवजे की मांग की और कहा कि एक जान की कीमत चार लाख नहीं हो सकती। बताया जा रहा है कि यह पहला मामला है जब सदर अस्पताल में किसी मौत की “कीमत” तय की गई है। स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।




