जमशेदपुर : हम संकल्प लेते हैं कि संविधान द्वारा प्रदत्त कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करेंगे। बुधवार को जमशेदपुर के गम्हरिया स्थित अरका जैन विश्वविद्यालय परिसर में यह वाक्य एक स्वर में गूंजा। अवसर था संविधान दिवस का।इस अवसर पर विश्वविद्यालय में एनएसएस विंग की ओर से एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अधिकारियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं व कर्मचारियों ने एक साथ उपरोक्त संकल्प दोहराया।
संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन-इससे पूर्व कार्यक्रम में उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं, संकाय सदस्यों एवं कर्मियों ने सामूहिक रूप से हिंदी में संविधान की उद्देशिका का वाचन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में भारतीय संविधान की मूल भावना एवं राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध को सुदृढ़ करना था।

भारतीय लोकतंत्र की गरिमा व संविधान की सर्वोच्चता से अवगत हुए छात्र-इस अवसर पर मुख्य रूप से विश्वविद्यालय के निदेशक सह कुलसचिव डॉ. अमित कुमार श्रीवास्तव और प्रतिकुलपति प्रो. (डॉ.) अंगद तिवारी उपस्थित थे। उन्होंने भारतीय लोकतंत्र की गरिमा और संविधान की सर्वोच्चता पर अपने विचार रखे। एनएसएस सेल की ओर से डॉ मनोज कुमार पाठक ने संविधान के ऐतिहासिक महत्व, मूल अधिकारों एवं कर्तव्यों, तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को रेखांकित किया।




