सरायकेला: सरायकेला खरसावां जिले में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) और कपाली ओपी की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की अंतर्राज्यीय तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कांड के अभियुक्त मोहम्मद सरफराज आलम उर्फ राजा को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई के तहत मोहम्मद सरफराज आलम उर्फ राजा, जो रहमतनगर, डांगरडीह, कपाली, जिला सरायकेला-खरसावां, झारखंड का निवासी है, उसे 15 अप्रैल 2026 को हिरासत में लिया गया है।

जांच एजेंसियों के अनुसार, अभियुक्त लंबे समय से नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क में सक्रिय था और विभिन्न राज्यों में इसकी तस्करी में संलिप्त था। बताया जा रहा है कि सरफराज आलम उर्फ राजा पहले भी जेल जा चुका है। गिरफ्तारी के बाद एनसीबी की टीम ने उसे विधिवत माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे ट्रांजिट रिमांड पर ओडिशा ले जाने की अनुमति प्राप्त हुई। माना जा रहा है कि ओडिशा में उससे जुड़े अन्य नेटवर्क और सहयोगियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। इस कार्रवाई को मादक पदार्थों के खिलाफ चल रहे अभियान में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। एजेंसियां आगे भी इस मामले में गहराई से जांच कर रही हैं ताकि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।




