जमशेदपुर : जमशेदपुर शहर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत एग्रीको इलाके में शनिवार को एक तेज रफ्तार कार ने अचानक अनियंत्रित होकर बड़ा हादसा कर दिया। JH05DR 3971 नंबर की कार टीस्को क्वार्टर की दीवार को तोड़ते हुए अंदर जा घुसी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार काफी तेज गति में थी और चालक ने संतुलन खो दिया, जिसके बाद वाहन सीधे क्वार्टर की दीवार से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दीवार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि घटना के समय आसपास मौजूद लोग बाल-बाल बच गए और कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा चालक की लापरवाही के कारण हुआ या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि एग्रीको जैसे रिहायशी इलाकों में तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त नियंत्रण किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।




