जमशेदपुर : जमशेदपुर के उलीडीह ओपी क्षेत्र में रविवार सुबह एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आदिवासी क्लब के समीप झाड़ियों में युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई. बाद में पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.
मृतक की पहचान शकोंसाई रोड नंबर-2 निवासी 24 वर्षीय विकास सिंह के रूप में हुई है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है. प्रारंभिक जांच में युवक के सिर पर धारदार हथियार से कई वार किए जाने के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है. परिजनों के अनुसार विकास सिंह शनिवार देर रात अपने भांजे से मिलने उलीडीह गया था. मुलाकात के बाद वह घर लौटने के लिए निकला, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचा. परिवार के लोगों ने उससे कई बार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका.

रविवार सुबह उलीडीह क्षेत्र में रहने वाली एक युवती ने परिजनों को फोन कर झाड़ियों में एक युवक का शव पड़े होने की सूचना दी. जानकारी मिलते ही परिवार के सदस्य घटनास्थल पहुंचे, जहां शव की पहचान विकास सिंह के रूप में की गई. बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया. मृतक के भाई ने क्षेत्र में सक्रिय नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों पर हत्या का संदेह जताया है. उनका कहना है कि इलाके में आपराधिक गतिविधियां बढ़ रही हैं और संभव है कि विकास किसी आपराधिक वारदात का शिकार हुआ हो. हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी संभावना को खारिज नहीं किया है. पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है. डीएसपी दयानंद प्रसादने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद घटना के कारणों तथा आरोपियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आएगी. उन्होंने कहा कि खोजी कुत्तों का सहारा लिया जा रहा है ताकि अपराधियों तक पहुंचा जा सके. डीएसपी ने बताया कि मृतक का कोई क्रिमिनल बैकग्राउंड सामने नहीं आया है. उसका भाई हत्या के एक मामले में जेल से छूटा है. उन्होंने आशंका जताई है कि मृतक की हत्या कहीं और करके शव यहां लाकर फेंका गया है. फिलहाल सभी एंगल से जांच चल रही है. उन्होंने दावा किया कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा.





