जमशेदपुर : जमशेदपुर शहर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित पी रोड में देर रात असामाजिक तत्वों द्वारा सड़क किनारे खड़ी एक कार में आग लगाए जाने की घटना सामने आई है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देर रात सड़क किनारे खड़ी कार से अचानक आग की लपटें उठती दिखाई दीं।
स्थानीय लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और इसकी सूचना बिष्टुपुर पुलिस एवं अग्निशमन विभाग को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। वहीं दमकल विभाग की एक गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार का बड़ा हिस्सा आग की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो चुका था।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार आगजनी की यह घटना असामाजिक तत्वों की करतूत बताई जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच में जुट गई है। फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस आग लगाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रही है।





