जमशेदपुर : पटमदा थाना क्षेत्र अंतर्गत बोरडी गांव के समीप एक पेट्रोल टैंकर और मैजिक वाहन के बीच जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पटमदा थाना प्रभारी विष्णु चरण भोक्ता पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। हादसे में कई लोग घायल हो गए, जिनमें एक व्यक्ति की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर भेजा गया है। वहीं पांच अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए माचा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

घटना के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस स्थिति को नियंत्रित किया तथा यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू रूप से चालू कराया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार टक्कर काफी तेज थी, जिससे दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचा है।
पटमदा थाना प्रभारी विष्णु चरण भोक्ता द्वारा मामले की जांच की जा रही है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि अग्रिम कानूनी कार्रवाई जारी है।




