सरायकेला:सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत कमारगोड़ा हरि मंदिर के समीप शनिवार रात उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब ग्रामीणों ने मवेशियों से भरी एक मालवाहक गाड़ी को पकड़ लिया, और ग्रामीणों द्वारा चालक को पिटाई की जाने लगी। जिसकी सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर कपाली ओपी थाना प्रभारी प्रभारी घीरंजन कुमार पहुंचे और भीड़ से ड्राइवर को छुड़ाते हुए सुरक्षित निकाला। साथ ही साथ सुरक्षित सभी मवेशियों को चाकुलिया ध्यान फाउंडेशन केंद्र भेजा गया।बताया जा रहा है कि सफेद रंग की टाटा एलपीटी वाहन संख्या JH05CN 9716 में बड़ी संख्या में गायों को ठूंस-ठूंस कर भरा गया था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शनिवार रात करीब आठ बजे स्थानीय लोगों को उक्त वाहन पर संदेह हुआ। ग्रामीणों ने वाहन को रोककर जब जांच की तो अंदर दर्जनों गायें अमानवीय तरीके से भरी मिलीं। कई गायें भूख-प्यास से बेहाल थीं और कुछ खड़ी होने की स्थिति में भी नहीं थीं। यह दृश्य देखकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने तत्काल मवेशियों को वाहन से नीचे उतारकर पानी पिलाया और उनकी देखभाल शुरू की।
सूचना मिलते ही कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उस समय भीड़ काफी उग्र हो चुकी थी और वाहन चालक के साथ मारपीट की आशंका बढ़ गई थी। स्थिति को भांपते हुए थाना प्रभारी ने तत्परता दिखाते हुए चालक को भीड़ के बीच से सुरक्षित बाहर निकाला और उसकी जान बचाई। थाना प्रभारी घीरंजन रंजन कुमार ने समझदारी और संयम से काम लेते हुए लोगों को शांत कराया तथा कानून हाथ में नहीं लेने की अपील की।

इसके बाद पुलिस ने मालवाहक वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। चालक को हिरासत में लेकर कपाली ओपी में पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मवेशियों को कहां से लाया जा रहा था और उन्हें किस स्थान पर ले जाया जा रहा था। वहीं सभी मवेशियों को सुरक्षित रूप से थाना प्रभारी घीरंजन कुमार ने चाकुलिया स्थित घ्यान फाउंडेशन केंद्र भेज दिया हैं, जहां उनकी देखभाल की व्यवस्था की गई है।




