Saraikela (संजीव मेहता) : नगर पंचायत सरायकेला में आज जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ नगर पंचायत के अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी द्वारा किया गया. इस अवसर पर उपाध्यक्ष अविनाश कवि, कार्यपालक पदाधिकारी समीर बोदरा, सिटी मैनेजर सुमित सुमन, प्रशिक्षकगण एवं विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकगण उपस्थित रहे.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जो केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं बल्कि देश की योजनाओं, संसाधनों के समुचित वितरण और समग्र विकास की मजबूत नींव है. उन्होंने कहा कि प्रत्येक एकत्रित जानकारी आने वाले समय में सरकार की नीतियों और विकास कार्यों को दिशा प्रदान करती है.

उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस कार्य को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करना आवश्यक है. प्रशिक्षण के दौरान प्रत्येक फॉर्म, कॉलम एवं प्रक्रिया की गहन समझ जरूरी है, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि न हो. साथ ही उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि हर परिवार से सटीक एवं सत्य जानकारी प्राप्त करना अत्यंत आवश्यक है और किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचना चाहिए. अध्यक्ष श्री चौधरी ने कहा कि जनगणना में प्राप्त जानकारी पूर्णतः गोपनीय होती है, अतः उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है. उन्होंने यह भी कहा कि जनगणना कार्य के दौरान आमजन के साथ विनम्र एवं सम्मानजनक व्यवहार बनाए रखना चाहिए, जिससे लोग सहज होकर सही जानकारी प्रदान कर सकें.
उन्होंने आगे कहा कि जो लोग शहर में निवास करते हैं और यहां की सुविधाओं का लाभ लेते हैं, उनका यह दायित्व भी बनता है कि वे ईमानदारीपूर्वक अपने वर्तमान निवास स्थान को आधार मानते हुए मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराएं, ताकि योजनाओं का लाभ सही रूप में पहुंच सके और क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके.




