जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र में अवैध हथियार रखने के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पार्वती घाट स्थित गरीब नवाज कॉलोनी के रास्ते अपराधियों का आना-जाना हो रहा है।
इस सूचना के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी गुलाब रवानी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया और इलाके में सघन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान पुलिस ने एक हुंडई कार को रोका और तलाशी ली। तलाशी के क्रम में कार से एक देशी पिस्तौल, एक जिंदा गोली और एक मैगजीन बरामद की गई। कार में मौजूद मोहम्मद शहजादा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पूछताछ में उसने बताया कि वह पिस्तौल शौक के लिए रखता था और कभी-कभी अपने व्यवसाय से जुड़े मामलों में लोगों को डराने के लिए इसका इस्तेमाल करता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। वर्तमान में उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




