बिहार : बिहार के जहानाबाद में एक दिल दहला देने वाली घटना घटी, जहां ‘गुरुकुल’ विद्यालय के छात्रावास में रहने वाले पांच साल के छोटे बच्चे आयुष की निर्मम हत्या कर दी गई। बच्चे की गर्दन पर गहरा घाव था और शरीर पर कई गंभीर चोटें पाई गईं, जो इस क्रूर कृत्य की भयावहता को दर्शाती हैं।
बताया गया कि आयुष केवल पांच दिन पहले ही इस छात्रावास में शामिल हुआ था। यह घटना सोमवार की सुबह कड़ौना थाना क्षेत्र के मुठेर लोदीपुर में हुई। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छात्रावास के प्रबंधक तरुण उर्फ गांधी सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया। बच्चे की मौत की खबर फैलते ही परिजन और आसपास के लोग गुस्से में आ गए और उन्होंने पटना-गया राष्ट्रीय राजमार्ग- 22 को जाम कर दिया।

स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए एसडीओ और एसडीपीओ मौके पर आए और लोगों को शांत कराया। पुलिस ने हॉस्टल के प्रभारी को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। जांच के लिए फॉरेंसिक विशेषज्ञों को भी बुलाया गया है।प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, छात्रावास में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे, जहां करीब 40 लड़के और 5 लड़कियां रहती थीं, साथ ही कई बच्चे बाहर से भी पढ़ने आते थे।




