Saraikela (संजीव मेहता) : जमशेदपुर स्थित NTTF गोलमुरी (RD Tata Technical Education Centre) के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है. संस्थान के मैकेट्रॉनिक्स विभाग के 10 छात्रों का चयन देश की अग्रणी ऑटोमोबाइल कंपनी मारुति सुजुकी में हुआ है.
खास बात यह है कि सभी चयनित छात्रों को ₹5 लाख प्रति वर्ष का आकर्षक पैकेज मिला है और उनकी पोस्टिंग गुरुग्राम (हरियाणा) में की जाएगी. यह उपलब्धि संस्थान में दी जा रही उच्च गुणवत्ता वाली तकनीकी शिक्षा और प्रैक्टिकल ट्रेनिंग का परिणाम है, जो छात्रों को इंडस्ट्री के लिए पूरी तरह तैयार करती है.

कड़ी चयन प्रक्रिया और इंटरव्यू के बाद छात्रों ने यह सफलता हासिल की, जिससे पूरे कैंपस में खुशी और गर्व का माहौल है. संस्थान के प्राचार्य और प्लेसमेंट टीम ने इसे छात्रों की मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम बताते हुए सभी चयनित छात्रों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी है.






