Saraikela (संजीव मेहता) : शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए जेएनएसी ने नया एक्शन प्लान तैयार किया है. शहर में चल रहे करीब 20 हजार ऑटो के लिए जल्द रूट तय किये जाएंगे. साकची और बिष्टुपुर में पार्किंग का विस्तार होगा और अतिक्रमण व नो पार्किंग में वाहन खड़े करने वालों पर सख्ती की जाएगी. बिगड़ती यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) ने मास्टर प्लान तैयार किया है.
उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार की अध्यक्षता में हुई मार्ग तकनीकी समिति की बैठक में शहर को जाम मुक्त करने के लिए कई निर्णय लिये गये हैं. प्रशासन अब शहर के पार्किंग स्थलों का नये सिरे से सर्वे करायेगा. ताकि उनकी वास्तविक क्षमता का आकलन कर विस्तार किया जा सके. शहर में यातायात की सबसे बड़ी समस्या बेलगाम दौड़ती ऑटो हैं. वर्तमान में जमशेदपुर की सड़कों पर प्रतिदिन 20 हजार से ज्यादा ऑटो का परिचालन हो रहा है. ऑटो का रूट निर्धारण नहीं होने के कारण कई रूटों पर क्षमता से कहीं अधिक ऑटो चल रहे हैं. सबसे गंभीर स्थिति तब उत्पन्न होती है जब ये ऑटो ‘नो पार्किंग’ जोन से सवारी बैठाते हैं. जिससे प्रमुख सड़कों पर घंटों जाम की स्थिति बनी रहती है.

इसे देखते हुए अब जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ ) के साथ मिलकर ऑटो के लिए विशेष रूट तय करने पर मंथन किया जाएगा. इसके लिए साकची और बिष्टुपुर में पार्किंग की कमी को दूर करने के लिए नये पार्किंग जोन विकसित किये जायेंगे. साकची को जाम से मुक्त करने के लिए जेएनएसी ने 1.01 करोड़ से पेवर्स ब्लॉक लगाकर नया पार्किंग एरिया विकसित करेगी. साथ ही साकची आम बागान मैदान में बसों की अवैध पार्किंग करने वालों और सड़क किनारे गाड़ी खड़ी करने वालों पर परिवहन विभाग को भारी जुर्माना लगाने का निर्देश दिया गया है. बैठक में ट्रैफिक पुलिस, टाटा स्टील, चेंबर ऑफ कॉमर्स, अग्निशमन विभाग के प्रतिनिधि, सिटी मैनेजर और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.




