सरायकेला (संजीव मेहता) : नगर निगम चुनाव में आदित्यपुर की जनता ने बड़े-बड़े दिग्गजों को खूब मजा चखाया है. आदित्यपुर की जनता ने ऐसे बड़े प्रत्याशियों को जो चले थे छब्बे बनने उन्हें दुबे बना दिया है. बात करें आदित्यपुर नगर पर्षद से लेकर नगर निगम बनने तक की घटना पर तो श्रीवास्तव परिवार शुरू से कभी चेयरमैन, तो कभी वाईस चेयरमैन तो कभी मेयर के पद पर काबिज होते आये थे, उस परिवार से ही आदित्यपुर की पहली महिला चेयरमैन रीता श्रीवास्तव को इस बार वार्ड 29 की जनता ने धूल चटा कर घर पर बैठने को मजबूर कर दिया.

अब बात करें नगर परिषद के पहले वाइस चेयरमैन पुरेन्द्र नारायण सिंह की तो इस बार आदित्यपुर की जनता ने न सिर्फ उन्हें बल्कि उनके भाभज को भी पार्षद तक बनने नहीं दिया और घर पर बैठने का जनादेश दे दिया है. अब बात करें पूर्व डिप्टी मेयर अमित सिंह उर्फ बॉबी सिंह की जो पिछली बार 2018 के चुनाव में सबसे अधिक मतों से जीत दर्ज किए थे उन्हें इस बार वार्ड 17 की जनता ने हार का मजा चखाते हुए घर बैठने का जनादेश दे दिया. बता दें कि रीता श्रीवास्तव, पुरेन्द्र नारायण सिंह और अमित सिंह उर्फ बॉबी सिंह तीनों ने अपने गृह वार्ड छोड़कर दूसरे वार्ड से डिप्टी मेयर बनने के लिए पार्षद का चुनाव लड़ना पसंद किया था, लेकिन जनता ने उन्हें नकार दिया है. ऐसे ही एक और पूर्व पार्षद अंबुज कुमार भी डिप्टी मेयर बनने की चाह में वार्ड 17 से चुनाव लड़े लेकिन यहां की जनता ने उन्हें नकारते हुए हार का मुख दिया है.




