रांची : नाले के किनारे गड्ढे में दफन महिला के शव की बरामदगी से जुड़े मामले में मुख्य आरोपी पति रंजीत मेहता ने विश्रामपुर न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है। इसकी पुष्टि विश्रामपुर थाना प्रभारी ऋषिकेश दुबे ने की। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा लगातार की जा रही छापेमारी और दबाव के चलते आरोपी ने मंगलवार को अदालत में सरेंडर किया।
इस प्रकरण में कथित रूप से शामिल बताई जा रही गुड्डी देवी की खोज अभी जारी है और पुलिस को उम्मीद है कि उसे शीघ्र हिरासत में ले लिया जाएगा। यह मामला तब सामने आया जब एक जनवरी को नावाबाजार थाना क्षेत्र के तुकबेरा पंचायत अंतर्गत डेरवना टोला में नाले के पास एक खोदे गए गड्ढे से महिला का शव बरामद किया गया। बाद में मृतका की पहचान पांडू थाना क्षेत्र के तीसीबार दरूवा गांव की रहने वाली 25 वर्षीय प्रियंका उर्फ पूजा देवी के रूप में हुई। वह पिछले पांच दिनों से लापता थी।

परिजनों द्वारा पहले ही उसकी गुमशुदगी की सूचना थाने में दी गई थी, जिसके आधार पर जांच शुरू की गई। संदेह होने पर पुलिस ने जेसीबी मशीन से खुदाई करवाई, जहां से शव मिला। मायके पक्ष का आरोप है कि प्रियंका की शादी वर्ष 2019 में रंजीत मेहता से हुई थी। उन्होंने बताया कि आरोपी का एक विवाहित महिला से संपर्क था, जिसको लेकर घर में विवाद बढ़ता गया और अंततः प्रियंका की हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को छिपाने के उद्देश्य से नाले के पास दफना दिया गया। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।




