रांची : झारखंड पुलिस नेतृत्व में निरंतरता बनाए रखने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। झारखंड की स्थायी डीजीपी तदाशा मिश्रा को दो वर्ष का सेवा विस्तार दिया गया है, जिसके तहत वे दिसंबर 2027 तक डीजीपी पद पर बनी रहेंगी। उनका वर्तमान कार्यकाल 30 दिसंबर 2025 को समाप्त हो रहा था, लेकिन सरकार ने उनके अनुभव और प्रशासनिक क्षमता को देखते हुए यह निर्णय लिया है।
तदाशा मिश्रा को सेवा विस्तार के साथ स्थायी रूप से डीजीपी पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह विस्तार राज्य में कानून-व्यवस्था, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे अभियानों और पुलिस सुधारों को गति देने के उद्देश्य से किया गया है। उनके कार्यकाल में पुलिस प्रशासन को तकनीकी रूप से मजबूत करने, अपराध नियंत्रण और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया है।

तदाशा मिश्रा के नेतृत्व में झारखंड पुलिस ने कई अहम उपलब्धियां हासिल की हैं, जिनमें संगठित अपराध पर लगाम, नक्सल विरोधी अभियानों में सफलता और पुलिस बल के आधुनिकीकरण की दिशा में ठोस कदम शामिल हैं। सेवा विस्तार के इस फैसले से राज्य सरकार आने वाले दो वर्षों तक पुलिस प्रशासन में स्थिरता और सशक्त नेतृत्व बनाए रखना चाहती है।






