रांची : झारखंड की दूसरी प्रशासनिक राजधानी दुमका में एक बार फिर केंद्रीय एजेंसी की मौजूदगी से हलचल तेज हो गई है। प्रवर्तन निदेशालय और एंटी करप्शन ब्यूरो की गतिविधियों के बाद अब केंद्रीय जांच ब्यूरो ने भी शहर में कार्रवाई की है। बुधवार सुबह दुमका नगर के गिलानपाड़ा मोहल्ले में स्थित मोहम्मद कासिब के आवास पर सीबीआई की टीम ने जांच अभियान चलाया।
कासिब वर्तमान में ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में अभियंता के पद पर कार्यरत हैं। मिली जानकारी के अनुसार, मोहम्मद कासिब के खिलाफ उनकी ज्ञात आय से अधिक संपत्ति से जुड़ा एक प्रकरण भुवनेश्वर में दर्ज किया गया है। इसी मामले की जांच के सिलसिले में सीबीआई ने एक साथ कई ठिकानों पर दबिश दी। इसमें दुमका स्थित उनका पैतृक निवास और उनके परिजनों के घर भी शामिल थे।

धनबाद से पहुंची चार अधिकारियों की टीम ने गिलानपाड़ा स्थित मकान में लगभग चार घंटे तक गहन जांच की। इस दौरान दस्तावेजों और रिकॉर्ड्स की बारीकी से पड़ताल की गई, जिसमें कई महत्वपूर्ण कागजात अपने कब्जे में लिए गए। जांच पूरी होने के बाद टीम वहां से लौट गई। पूरे घटनाक्रम को लेकर सीबीआई के अधिकारियों ने मीडिया या स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की जानकारी देने से इनकार कर दिया। फिलहाल एजेंसी की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।






