औरंगाबाद : देव थाना क्षेत्र के बेढ़नी गांव के भुईयां बिगहा के समीप दो ऑटो की टक्कर में एक ऑटो पर सवार एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि इस हादसे में दो लोग घायल हो गए है। मृतक की पहचान फेसर थाना क्षेत्र के खैरी गांव निवासी कंचन सिंह के रूप में की गई है।जबकि घायलों की पहचान उसी गांव के लव कुमार और नीतीश कुमार के रूप में हुई है। कंचन चार भाईयों में तीसरे नंबर पर था।
कंचन की मौत के बाद परिजनों का रो रोकर हाल बेहाल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कंचन शादी विवाह और मृत्युभोज में खाना बनाने का ठेका लिया करता था और एक भोज कार्यक्रम में काम करने देव थाना क्षेत्र के बरना गांव गया हुआ था। काम करके अपने टीम के साथ ऑटो से घर लौट रहा था।तभी भुईयां बिगहा के समीप एक ऑटो जोरदार टक्कर मारते हुए भाग निकली।

इस हादसे में कंचन अपने दो साथियों के साथ घायल हो गया। जिसका इलाज बेढ़नी के ही एक निजी क्लिनिक में कराया गया। मगर स्थिति में सुधार नहीं होने के कारण उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन उसकी स्थिति को गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। मगर हायर सेंटर ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। परिजन शव लेकर सदर अस्पताल पहुंचे। जहां नगर थाने की पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर अपराह्न तीन बजे शव परिजनों को सौंप दिया।





