जमशेदपुर : जमशेदपुर के आज़ाद नगर थाना क्षेत्र के बागान शाही रोड नंबर 7, क्रॉस रोड नंबर 3 से शनिवार देर रात एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है. वकार अनवर के घर में अज्ञात चोरों ने करीब चार लाख रुपये मूल्य के सोने के गहने चोरी कर लिए. हैरानी की बात यह है कि चोरी के समय परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर ही मौजूद थे, लेकिन किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी.
सुबह जब परिजन जागे तो देखा कि मेन गेट का ताला खुला हुआ है और चाबी डाइनिंग टेबल पर पड़ी है, जबकि रात में इसे घर के अंदर सुरक्षित स्थान पर रखा गया था. घर में प्रवेश करते ही अलमारी का सामान अस्त-व्यस्त मिला. जांच में पता चला कि एक सोने का नेकलेस, दो ईयररिंग्स और एक अंगूठी चोरी हो गई है. गहनों का डिब्बा घर के आंगन में फेंका हुआ मिला.

घटना की सूचना मिलते ही आज़ाद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फिंगरप्रिंट सहित तकनीकी साक्ष्य जुटाए.पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ भी कर रही है. वकार अनवर ने कहा कि परिवार सदमे में है और सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित है. उन्हें उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर गहने बरामद करेगी. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज़ कर दी है.






