Saraikela (संजीव मेहता) : कौन है आकाशवाणी का प्रवेश द्वार की जमीन को अपना बताकर घेराबंदी करनेवाला राजीव कुमार ? जिसके द्वारा पिछले तीन दिन से चोरी छिपे चल रहे घेराबंदी की ड्रामे का बीती रात आदित्यपुर पुलिस ने पटाक्षेप कर दिया है. बता दें कि 1989 में पदस्थापित आकाशवाणी जमशेदपुर की मुख्य गेट की जमीन, जिसे पथ निर्माण विभाग की जमीन समझी जा रही थी, को अचानक तीन दिन पूर्व किसी राजीव कुमार ने खुद की प्रॉपर्टी बताकर घेराबंदी शुरू कर दी थी.
इस घेराबंदी में आकाशवाणी का मुख्य गेट भी बंद करने का प्लान था. इस कार्य को देखने के बाद शुक्रवार को आकाशवाणी के अधिकारियों ने इसकी लिखित सूचना स्थानीय थाना के साथ जिले के डीसी, एसडीएम, और सीओ गम्हरिया को दी. जिसके बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल हुई और शुक्रवार को देर रात आदित्यपुर पुलिस ने एक्शन दिखाते हुए घेराबंदी को ध्वस्त कर दिया. हालांकि इस पुलिसिया कारवाई पर राजीव कुमार के द्वारा विरोध की भी खबर आ रही है लेकिन अब उसके दावे पर जमीन संबंधी विभाग जांच करेगी.

बता दें कि वर्ष 2011 में खरकई पुल से लेकर आशियाना मोड़ तक की सड़क किनारे की 120 फ़ीट जमीन को अधिग्रहण करते हुए भूमि सुधार विभाग द्वारा पथ निर्माण विभाग को हस्तांतरित कर दिया था जो भविष्य में सड़क की चौड़ीकरण और अन्य योजनाओं को ध्यान में रखकर सुरक्षित रखा गया है. इसके बावजूद सड़क किनारे की इस जमीन को कैसे कोई खुद की निजी प्रोपर्टी बताकर अचानक घेराबंदी शुरू कर दी. यह तो जांच का विषय है. बता दें कि जब आदित्यपुर-कांड्रा पथ सिंगल था तब आकाशवाणी के सामने की इसी जमीन को डेवलप करते हुए आदित्यपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने खूबसूरत बिरसा पार्क का निर्माण करवाया था जिसे 2012 में सड़क चौड़ीकरण के समय तोड़ कर सड़क का विस्तार किया गया था. तब यह बात क्लियर हो गया था कि उक्त जमीन पथ निर्माण विभाग की है.






