बोकारो : बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के डीवीसी मुर्गी फार्म कॉलोनी में गुरुवार की देर रात एक चोरी की कोशिश नाकाम हो गई, जब कॉलोनीवासियों ने एक युवक को रंगे हाथों पकड़ लिया। जानकारी के अनुसार, एचएमटी-16 सी स्थित बंद आवास में एक युवक चोरी के इरादे से घुसा था। उसी दौरान घर के मालिक व व्यवसाई अरुण कुमार अपने दुकान से लौटे और घर का ताला खोलते ही देखा कि अंदर एक व्यक्ति अलमारी तोड़कर सोने के जेवर और नकद रकम निकाल रहा है।

शोर मचाने पर युवक खिड़की की ओर से भागने लगा, लेकिन अरुण कुमार और स्थानीय लोगों ने मिलकर उसे पकड़ लिया। भीड़ ने उसकी पिटाई कर उसके हाथ-पैर कपड़े और रस्सी से बांध दिए। अरुण कुमार ने बताया कि घर से करीब एक लाख रुपये नकद और उनकी मां के जेवर गायब हैं। घटना की सूचना मिलने पर शुक्रवार सुबह पंचायत के मुखिया विकास कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और पुलिस को खबर दी। इसके बाद बोकारो थर्मल थाना के एसआई ए.के. मेहता दल-बल के साथ पहुंचकर पकड़े गए युवक को हिरासत में ले गए। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक भी इसी कॉलोनी का निवासी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।




